शहडोल - जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), शहडोल में सक्षम जीवन कौशल कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के चारों विकासखंडो सोहागपुर, बुढ़ार, गोहपारू एवं जयसिंहनगर—के समस्त क्लस्टर एकेडमिक कोऑर्डिनेटर (सीएसी) का एक दिवसीय जिला स्तरीय उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में जीवन कौशल कार्यक्रम के प्रभावी संचालन, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा नियमित मॉनिटरिंग की प्रक्रिया को मजबूत बनाना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान कार्यक्रम की आगामी गतिविधियों, सत्र संरचना, सत्र संचालन की प्रक्रिया तथा विद्यालय स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। ब्लॉक मैनेजर आशीष कुमार गुप्ता ने सक्षम कार्यक्रम की प्रगति एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा करते हुए कार्यक्रम को अधिक प्रभावी बनाने में सीएसी की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में संकुल स्तर पर संकुल प्राचार्यों एवं सीएसी की सहभागिता से मासिक समीक्षा बैठक आयोजित करने तथा विद्यालयवार प्रगति की नियमित समीक्षा करने की प्रक्रिया पर भी मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही विद्यालय भ्रमण के दौरान SQMF फॉर्म के माध्यम से जीवन कौशल सत्रों के अवलोकन एवं गुणवत्ता मूल्यांकन की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में विद्यालयों में समान अवसर, समान सहभागिता एवं जेंडर-संवेदनशील वातावरण विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। ब्लॉक मैनेजर आशीष कुमार गुप्ता एवं संदीप शुक्ला ने प्रतिभागियों को जीवन कौशल सत्रों की गुणवत्ता बनाए रखने, नियमित निगरानी करने तथा विद्यालय स्तर पर सक्षम कार्यक्रम के प्रभावी संचालन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतिभागियों की व्यावहारिक समझ को मजबूत करने के लिए जीवन कौशल सत्रों का डेमो भी प्रस्तुत किया गया। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर डीपीसी अमरनाथ सिंह ने प्रतिभागियों को सेक्स एवं जेंडर संबंधी महत्वपूर्ण अवधारणाओं की जानकारी देते हुए विद्यालयों में सकारात्मक एवं समावेशी वातावरण विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने जीवन कौशल गतिविधियों के प्रभावी संचालन एवं नियमित अवलोकन की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में DIET शहडोल की प्राचार्य श्रीमती अभिलाषा मिश्रा, डीपीसी अमरनाथ सिंह एवं ट्रेनिंग मैनेजर संजय गौतम का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ।

0 टिप्पणियाँ