Ticker

6/recent/ticker-posts

शहडोल: भारी मात्रा में अवैध नशीली कफ सिरप जब्त, महिला समेत 5 पर मामला दर्ज

शहडोल - नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दुर्गा कॉलोनी स्थित एक मकान में दबिश देकर 730 नग नशीली कफ सिरप बरामद की है। इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की छापेमारी -

जानकारी के अनुसार, 21 फरवरी 2026 को कोतवाली पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि दुर्गा कॉलोनी निवासी शबनम बी (46 वर्ष) के घर पर भारी मात्रा में नशीली दवाओं का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर दबिश दी।

तलाशी के दौरान घर के पीछे बने एक टीन शेड वाले कमरे में रखी टंकी और बक्सों से कुल 730 नग ऑनरेक्स (ONEREX) कफ सिरप बरामद की गई।

जब्ती और कार्रवाई का विवरण -

पुलिस द्वारा जब्त की गई सामग्री का विवरण निम्नानुसार है:

 कुल सीसी: 730 नग (प्रत्येक 100 ML)

 कुल मात्रा: 73 लीटर

 अनुमानित कीमत: लगभग 1,50,000 रुपये

आरोपिया के विरुद्ध NDPS एक्ट एवं म.प्र. ड्रग कंट्रोल अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। विधिवत कागजी कार्रवाई और पंचनामा के उपरांत 22 फरवरी 2026 को आरोपिया को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपिया शबनम बी ने स्वीकार किया कि वह अपने पति जाकिर हुसैन उर्फ बंटी, पुत्र सैफ खान, दामाद आमिल खान और रमेश जायसवाल (निवासी खैरा, थाना रामपुर नैकिन) के साथ मिलकर अवैध रूप से कफ सिरप खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचती थी। पुलिस फिलहाल फरार अन्य चार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में उप निरीक्षक विशाखा उइके, उ.नि. राकेश बागरी, स.उ.नि. रजनीश तिवारी, स.उ.नि. कन्हैयालाल, प्र.आर. मायाराम अहिरवार, शिवकरण यादव, कैलाश प्रजापति, गंगा सिंह एवं महिला आरक्षक दुलारी सिंह की मुख्य भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ