Ticker

6/recent/ticker-posts

शहडोल: फर्जी नियुक्ति आदेश से बैंक को लगाया 10.50 लाख का चूना, आरोपी महिला नर्मदापुरम से गिरफ्तार

शहडोल: फर्जी नियुक्ति आदेश से बैंक को लगाया 10.50 लाख का चूना, आरोपी महिला नर्मदापुरम से गिरफ्तार फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक से लाखों रुपये का लोन डकारने वाली एक शातिर महिला को सोहागपुर पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपिया ने बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर फर्जी नियुक्ति दिखाकर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से साढ़े दस लाख रुपये का 'एक्सप्रेस क्रेडिट लोन' प्राप्त किया था।

क्या है पूरा मामला?

मामले का खुलासा तब हुआ जब एसबीआई शाखा कुदरी रोड के प्रबंधक क्रांति कुमार साहू ने 2 सितंबर 2024 को थाना सोहागपुर में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार, विशाखा दांगी (36 वर्ष), निवासी ग्राम मानेगांव (सागर), ने बिजली विभाग के कूट रचित (फर्जी) नियुक्ति आदेश और पे-स्लिप बैंक में प्रस्तुत किए थे।

इन दस्तावेजों के आधार पर उसने 10,50,500 रुपये का लोन प्राप्त कर लिया। लोन राशि मिलते ही महिला फरार हो गई और बैंक की किस्तें जमा करना बंद कर दिया।

लैपटॉप से तैयार किए थे फर्जी दस्तावेज-

पुलिस पूछताछ में आरोपिया ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि पैसों की तंगी के चलते उसने धोखाधड़ी की योजना बनाई थी। फरवरी 2025 में उसने अपने लैपटॉप का उपयोग कर मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (MPईबी) के पुराने आदेशों को डाउनलोड किया। इसके बाद उन्हें एडिट कर स्वयं को अनूपपुर कार्यालय में 'लाइनमैन अटेंडेंट' के पद पर नियुक्त दर्शाते हुए फर्जी नियुक्ति पत्र, पे-स्लिप और बैंक स्टेटमेंट तैयार किए। इन्ही दस्तावेजों के जरिए उसने बैंक को गुमराह कर लोन हासिल किया।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी-

थाना प्रभारी सोहागपुर अरुण पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपिया का पीछा किया। पुलिस टीम ने सागर, भोपाल और नर्मदापुरम में दबिश दी। अंततः 21 फरवरी 2026 को पुलिस ने आरोपिया को नर्मदापुरम स्थित उसके किराए के मकान से गिरफ्तार कर लिया।

विस्तृत विवेचना और संबंधित विभागों से पुष्टि के बाद यह स्पष्ट हुआ कि आरोपिया कभी बिजली विभाग में नियुक्त नहीं थी। आरोपिया को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।

टीम की सराहनीय भूमिका-

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरुण पांडेय के साथ स.उ.नि. संतोष कोल, प्र.आर. राजकुमार जायसवाल, प्र.आर. मुकेश पटेल और महिला आरक्षक मेनका धूमकेतु की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ