पाली/शहडोल - जिले में गौ-तस्करी और गौकशी की बढ़ती घटनाएं प्रशासन के लिए चुनौती बनती जा रही हैं। सिंहपुर में हाल ही में हुए गौकशी कांड की जांच अभी पूरी भी नहीं हुई थी कि अब पाली थाना अंतर्गत घुनघुटी चौकी के ग्राम चंदनिया से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ कुछ ग्रामीणों द्वारा एक गाय को काटे जाने के आरोप लगे हैं, जिसके बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई है।
गौ सेवक सिल्लू रजक द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे की है। उन्होंने बताया कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति एक जीवित गाय को चंदनिया ग्राम से घुनघुटी की दिशा में ले जा रहे थे। संदेह होने पर जब सिल्लू रजक अपने अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुँचे, तो वहाँ का दृश्य विचलित करने वाला था। उनके दावों के मुताबिक, 3 से 4 लोग वहां गाय को काट रहे थे। गौ सेवकों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं और संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गौकशी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया था। प्रथम दृष्टया प्राप्त शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है, जिसके बाद ही वास्तविक स्थिति और आरोपियों की संलिप्तता पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
राजेश चंद्र मिश्रा, थाना प्रभारी, पाली
इस घटना के सामने आने के बाद ग्राम चंदनिया और आस-पास के क्षेत्रों में स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा है। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के कारण फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस घटना के तार जिले में सक्रिय किसी बड़े गौ-तस्करी गिरोह से जुड़े हैं। फिलहाल, पुलिस की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

0 टिप्पणियाँ