शहडोल - जिले में आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुरानी रंजिश के चलते एक युवक और उसके साथी पर चाकू व कांच की बोतल से जानलेवा हमला करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
घटना 17 सितंबर की है। मिली जानकारी के अनुसार, पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी अदनान अली ने फरियादी हामिद रजा को फोन कर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे ग्राउंड बुलाया। हामिद अपने एक मित्र के साथ वहां पहुंचा, जहां पहले से घात लगाए बैठे अदनान और उसके साथियों ने विवाद शुरू कर दिया।
विवाद के दौरान आरोपियों ने फरियादी के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। इसी बीच अदनान ने कांच की बोतल से हामिद की पीठ पर हमला किया, वहीं शमीम खान ने चाकू से फरियादी और उसके दोस्त पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। दोनों को गंभीर रूप से घायल करने और जान से मारने की धमकी देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के कड़े निर्देशों के पालन में कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए जाल बिछाया और त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी:
शमीम अहमद उर्फ सोनू (21 वर्ष), पिता नफीस अहमद – निवासी नूरी मस्जिद के पीछे, पुरानी बस्ती शहडोल
अदनान अली (22 वर्ष), पिता यूनुस अली – निवासी वार्ड नं. 27, दुर्गा मंदिर के पीछे, पुरानी बस्ती शहडोल
अनुज सिंह तोमर (19 वर्ष), पिता अनिल सिंह तोमर – निवासी रेलवे फाटक के पास, पुरानी बस्ती शहडोल
अब्दुल रहमान उर्फ छोटा भईया (23 वर्ष), पिता अब्दुल कदीर – निवासी वार्ड नं. 39, पंचगांव रोड, पुरानी बस्ती शहडोल
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों को वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर सक्षम न्यायालय में पेश किया गया।
इस त्वरित व प्रभावी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राघवेंद्र तिवारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रूप सिंह, प्रधान आरक्षक गिरीश मिश्रा, प्रधान आरक्षक आशाराम कुशवाहा, प्रधान आरक्षक लक्ष्मी पटेल एवं आरक्षक विकास की सक्रिय भूमिका रही।

0 टिप्पणियाँ