शहडोल - नगर पालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) का पदभार ग्रहण करते ही आशा भंडारी पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आईं। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद वे बारिश के बीच इंदिरा चौक से बस स्टैंड तक प्रस्तावित 'मॉडल रोड' की जमीनी हकीकत जानने सीधे मौके पर पहुंचीं और स्थानीय व्यापारियों की समस्याएं सुनीं।
व्यापारियों की मांग: जिस गति से तोड़ा, उसी गति से बने सड़क
निरीक्षण के दौरान स्थानीय व्यापारियों ने सीएमओ के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त की। व्यापारियों ने कहा कि जिस तत्परता और गति से दिन-रात एक कर अतिक्रमण हटाने व पुरानी सड़क को उखाड़ने की कार्रवाई की गई थी, उसी तत्परता से अब सड़क निर्माण कार्य भी कराया जाए। व्यापारियों ने रोष और व्यथा व्यक्त करते हुए बताया कि सड़क तोड़े हुए पूरे दो महीने बीत चुके हैं हमारा व्यापार पूरी तरह ठप्प पड़ा हुआ है, लेकिन अब तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी जमीनी हालात का जायजा लेने नहीं पहुंचा था, जिससे उनका व्यवसाय पूरी तरह ठप पड़ा है और आम जनता को आवागमन में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
![]() |
| दो महीने से अधर में लटके निर्माण कार्य को लेकर भड़के व्यापारियों से की सीएमओ आशा भंडारी ने बातचीत की; बोलीं—जल्द पूरा होगा इंदिरा चौक से बस स्टैंड मार्ग का काम |
सीएमओ का आश्वासन: 24 घंटे चलेगा निर्माण कार्य
व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए सीएमओ आशा भंडारी ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी मांग पर तत्काल अमल किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण कार्य में किसी भी तरह की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं होगी और जरूरत पड़ने पर दिन-रात काम कराकर निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरा कराया जाएगा।
व्यापारियों ने जताया आभार, जागी निर्माण की उम्मीद
सीएमओ के सकारात्मक रुख और त्वरित कार्रवाई के आश्वासन पर सभी व्यापारी बंधुओं ने उनका हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया। व्यापारियों ने कहा कि लंबे समय बाद किसी प्रशासनिक अधिकारी के मौके पर पहुंचने से उम्मीद जगी है कि अब इस मॉडल रोड का निर्माण गति पकड़ेगा और क्षेत्रवासियों को धूल व कीचड़ से जल्द निजात मिलेगी।


0 टिप्पणियाँ