शहडोल - कोतवाली पुलिस ने शहर में संचालित एक फर्जी मैरिज ब्यूरो के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए, विवाह कराने के नाम पर अविवाहित पुरुषों से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह कर्मभूमि होटल में एक फर्जी कॉल सेंटर चला रहा था।
बुढ़ार थाना निवासी एक पीड़ित द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने शादी कराने के नाम पर उनसे ₹1,00,000 की ठगी की थी। हालांकि, बाद में उन्होंने ₹60,000 लौटा दिए, लेकिन शेष ₹40,000 न लौटाकर धोखाधड़ी की और धमकी भी दी।
पीड़ित के आवेदन और प्रारंभिक जांच के आधार पर, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 351(2), और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों, शिवम साहू और दामेन्द्र कुमार साहू को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान होटल कर्मभूमि में स्थित कॉल सेंटर से लगभग 23 मोबाइल फोन, 23 कंप्यूटर, की-बोर्ड, माउस, रजिस्टर, और ₹14,750 नकद सहित कुल ₹21 लाख से अधिक का सामान जब्त किया है।
यह उल्लेखनीय कार्रवाई थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राघवेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम और साइबर सेल के संयुक्त प्रयास से संभव हुई। इस कार्रवाई से शहर में धोखाधड़ी करने वाले ऐसे गिरोहों को एक कड़ा संदेश मिला है।

0 टिप्पणियाँ