बुढार - पुलिस अधीक्षक शहडोल द्वारा बताया गया कि थाना बुढार क्षेत्रान्तर्गत रामजानकी मंदिर के सामने स्थित यूनियन बैंक ऑफ इण्डिया और पंजाब नेशनल बैंक में चोरी करने वाले पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के रहने वाले आरोपियों में से एक आरोपी को चोरी का सम्पूर्ण सामान लिये हुए गिरफतार करने की महत्वपूर्ण सफलता हासिल की जाकर एक बहुत बड़ी घटना के अंजाम होने को बचाया गया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि, दिनांक 24 एवं 25.04.2022 की रात्रि को पुलिस थाना बुढार का गश्ती दल शहर में गश्त पर था जिसे सभी बैंक को चेक करने की जवाबदारी दी गई थी। रात्रि में लगभग 1 बजे के आसपास बुढार के रामजानकी मंदिर के सामने स्थित यूनियन बैंक ऑफ इण्डिया और पंजाब नेशनल बैंक को चेक करने पर गश्ती दल को बैंक के अन्दर से दीवाल को छेद करने के लिए सब्बल और हथौडे की आवाज आना महसूस हुआ। गश्ती दल द्वारा तत्काल ही अपनी सूझबूझ के आधार पर बैंक के दाहिने ओर स्थित खाली मैदान से पीछे की ओर जाकर देखा तो चार बदमाश एक बैग लिये पीछे के रास्ते से बनियान टोला की तरफ भाग रहे थे। गश्ती दल के आरक्षक धन्नालाल सोलंकी और परिमाल सिंह द्वारा चारो संदिग्धों का पीछा किया गया। बनियान टोला के रास्ते पर तीन बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गये और बैग लिये भागने वाला एक बदमाश दूसरे रास्ते पर भाग रहा था। गश्ती दल द्वारा यह समझ कर कि बैंक में चोरी हो गई है और इसी बदमाश के पास रूपया है जिसे बचाने के लिए दोनो के द्वारा है इस बदमाश का पीछा करते हुए उसे पकड़ा गया। जिसके द्वारा पूरी घटना का खुलासा हुआ।
आरोपी से हुई विस्तृत पूछताछ में उसने अपना नाम हसन शेख पिता स्व. खलीस शेख उम्र 40 साल निवासी ग्राम जौहरपुर पोस्ट ऑफिस कमलाबाडी थाना इंग्लिश बाजार जिला मालदा पश्चिम बंगाल का रहने वाला है जो अपने साथी अकबर शेख पिता सादिक शेख निवासी ग्राम जौहरपुर जिला मालदा पश्चिम बंगाल और टाटा जमशेदपुर के रहने वाले गुडडु और चिन्टू फर्जी नाम के दो व्यक्तियों सहित कुल चार बदमाश बुढार की यूनियन बैंक ऑफ इण्डिया और पंजाब नेशनल बैंक में चोरी करने के लिए दिनांक 21.04.2022 को पुरी उत्कल एक्सप्रेस से बुढार स्टेशन पर पहुंचे थे।
जप्तसुदा चोरी में उपयोग सामग्री
इन बदमाशों द्वारा पूर्व में इन दोनो बैंको की रैकी बहुत ही अच्छे तरह से की हुई थी जिससे इन्हें बैंक का रास्ता इत्यादि सब था। बदमाशों द्वारा मालदा और जमशेदपुर से आते समय ही चोरी करने में लगने वाला सारा सामान जैसे 5 किलोग्राम के 6 गैस सिलेण्डर, 5 किलो का एक गैस का पेट्रोमेक्स, लोहे के बड़े 4 सब्बल, टपरिया कम्पनी के तीन बड़े पेचकस, लोहे की एक छेनी, लोहे का एक हथौडा, टपरिया कम्पनी की एक बड़ा रिंच पाना, नोजल, गैस रेग्युलेटर कम कटर, तीन नग प्रेशर रेग्यूलेटर, एक लाईटर, दो बड़े लाल और नीले रंग के पाईप, पाईप को रेग्यूलेटर से कसने वाला क्लिप, एक बड़ा प्लास कटर, एक टेप, एक एलनकी रूपया ले जाने के लिए काले रंग का बड़ा बैग इत्यादि सामग्री अपने साथ ही लेकर आये थे।
आरोपियों द्वारा उक्त सामान रेल्वे स्टेशन पर ही छुपा दिया गया और रात्रि मे अंधेरे का लाभ उठाकर उक्त सामान को चारो अपने कंधे पर लादकर बैंक के पीछे स्थित खाली मैदान में झाडियों में छुपा दिया था। आरोपियों द्वारा अगले दो दिन तक बैंक की दिन में और रात में रैकी की गई और वहां पर होने वाली आमद रफद को ध्यान में रखते हुए दिनांक 24 और 25 अप्रेल की दरम्यानी रात्रि को लगभग 11 बजे पीछे के रास्ते से बैंक की खिड़की की ग्रिल को तोडकर और वहां पर रखे हुए लकडी के कबाड़ से जुगाड की सीढी बनाकर बैंक में सामान लेकर प्रवेश किये। तीन बदमाश बैंक में गये थे और एक बदमाश बाहर रूककर देखरेख कर रहा था।
पुलिस के गश्ती दल द्वारा बैंक को चेक किये जाने के दौरान अन्दर से आने वाली आवाज के आधार पर जब पुलिस पार्टी पीछे की तरफ से बैंक के अन्दर के बदमाशों को घेरने लगी तभी आरोपी तत्काल ही बैंक के अन्दर से निकल कर सीढी से बाहर आकर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार होने में सफल हो गये किन्तु एक आरोपी को रंगेहाथ गिरफतार किया गया है। आरोपियों द्वारा यूनियन बैंक ऑफ इण्डिया की दीवाल में छेद कर पंजाब नेशनल बैंक में जाने का रास्ता भी बनाया जा रहा था।
आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी करने का उपरोक्त सामान लेकर आये थे। आरोपी हसन शेख को गिरफतार करने पर उसके पास से सुल्तान आमिर जन्म तारीख 07/07/1987 आत्मज हमजा आमिर निवासी मु दोडकी पा कान्ढली दौडकी, नागपुर महाराष्ट्र 441103 जिसके आगे 2934-8385-0366 तथा पीछे नम्बर 2546-5215-2796 लेमिनेटेड आधार कार्ड, एयर टेल कम्पनी की तीन सिमकार्ड, बीएसएनएल कम्पनी की एक सिम कार्ड, एसबीआय, बैंक ऑफ बडौदा और फिनो बैंक के एक-एक डेबिट कार्ड, नोयडा की भगवती रेफ्रीजरेशन कम्पनी का विजिटिंग कार्ड, आर्शीवाद ट्रेवल्स का एक विजीटिंग कार्ड इत्यादि सामग्री जप्त की गई है।
आरोपियों के विरूद्ध थाना बुढार जिला शहडोल में अपराध पंजीबद्ध किये जाकर आवश्यक वैद्यानिक कार्यवाही की जा रही है एवं फरार आरोपियों की गिरफतारी के समुचित प्रयास किये जा रहे है जिनकी पहचान स्थापित करने हेतु पश्चिम बंगाल पुलिस से समन्वय स्थापित किया जाकर एक विशेष टीम गठित की जाकर इन आरोपियों की • गिरफतारी के प्रयास किये जा रहे है।
उक्त बैंक में चोरी के आरोपी को रंगेहाथ गिरफ्तार करने वाले गश्ती दल के उ.नि. वर्षा बैगा आर. धन्नालाल सोलंकी, आर. परिमल सिंह की विशेष भूमिका रही है जिन्हे अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक महोदय शहडोल झोन शहडोल द्वारा 10-10 हजार रूपये के नगद ईनाम से पुरूस्कृत किया जावेगा एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा घायल आर. धन्नालाल सोलंकी को अस्पताल पहुॅचकर हौसला अफजाई किया।
प्रकरण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश वैश्य, अनुविभागीय अधिकारी धनपुरी श्री राघवेन्द्र द्विवेदी, थाना प्रभारी बुढार श्री राजेश चन्द्र मिश्रा, थाना बुढार के अन्य स्टाफ के साथ साथ सायबर सेल प्रभारी सउनि ( अ ) अमित दीक्षित, आर. सत्यप्रकाश मिश्रा की उल्लेखनीय भूमिका रही है।
0 टिप्पणियाँ