शहडोल - कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में निकाली जा रही 'स्वदेशी संकल्प यात्रा' मंगलवार को संभागीय मुख्यालय शहडोल पहुंची। नगर आगमन पर इस यात्रा का व्यापारिक संगठनों और नागरिकों द्वारा विभिन्न स्थानों पर भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया। स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार के उद्देश्य से निकाली जा रही यह रथ यात्रा आमजन में राष्ट्रवाद और आत्मनिर्भरता का अलख जगा रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने दिलाई स्वदेशी की शपथ-
नगर के लल्लू सिंह चौक पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा ने रथ पर पुष्पवर्षा कर यात्रा का औपचारिक स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के स्वप्न को साकार करने के लिए स्वदेशी को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। श्रीमती चपरा ने उपस्थित व्यापारियों और नागरिकों को दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की शपथ दिलाई और हरी झंडी दिखाकर रथ को आगे के लिए रवाना किया। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री अमित मिश्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत-
यह रथ यात्रा कैट के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं शहडोल संभाग प्रभारी मनोज गुप्ता, संभागीय अध्यक्ष प्रेम जगवानी, प्रदेश मंत्री पदम खेमका, प्रकाश जगवानी, संभागीय मीडिया प्रभारी कमलजीत सलूजा और जिलाध्यक्ष अमित गुप्ता (बंटी) के नेतृत्व में लल्लू सिंह चौक से प्रारंभ हुई। इसके पश्चात यात्रा बुढ़ार चौक, न्यू गांधी चौक, पुराना नगरपालिका चौक और डॉ. अंबेडकर चौक होते हुए जय स्तंभ चौक पहुंची। यात्रा के दौरान रथ पर लगी डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से लोगों को स्वदेशी के महत्व और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा से परिचित कराया गया।
नुक्कड़ सभाओं से दिया जागरूकता का संदेश-
यात्रा के पड़ाव गांधी चौक और जय स्तंभ चौक पर आयोजित नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत की पहल देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का एकमात्र मार्ग है। यात्रा के समापन के बाद यह रथ उमरिया जिले के लिए प्रस्थान कर गया।
इनकी रही सक्रिय भूमिका-
कार्यक्रम का सफल संचालन और आभार प्रदर्शन सौरभ गोले ने किया। इस आयोजन में शहर के गणमान्य नागरिकों और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इनमें मुख्य रूप से योगेश गुप्ता, दीपक त्रिपाठी, अरुण पटेल, बिपिन गुप्ता, रमेश जगवानी, मोहन अहूजा, प्रकाश गुप्ता, अनुज गुप्ता, गौरव गुप्ता, रूपांश गुप्ता, विनय केवट और कश्यप रोहिणी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और नागरिक उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ