शहडोल - जयसिंहनगर पुलिस पर गांजा तस्करों के साथ मिलीभगत के गंभीर आरोप लगे हैं। सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल होने के बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया है, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस ऑडियो में पुलिस को देने के लिए 52 हजार रुपये खाते में दिए जाने और 13 किलो गांजे के मामले को कथित तौर पर 3 किलो 300 ग्राम में बदलने की बात सामने आ रही है, जबकि बीच में इसे 700 ग्राम का केस बनाने का भी जिक्र है।
इस ऑडियो में दो व्यक्तियों की बातचीत सुनाई दे रही है, जिसमें एक पुलिसकर्मी नीरज का नाम लिया जा रहा है। यह बातचीत दर्शाती है कि गांजे की मात्रा को कम करने के लिए पैसों का लेनदेन हो रहा है। हालाँकि, हम इस ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करते हैं, लेकिन इसमें कही गई बातें निष्पक्ष जांच की मांग करती हैं।
यह पहला मौका नहीं है जब जयसिंहनगर थाने पर गांजे के मामलों में हेरफेर के आरोप लगे हैं। पूर्व में भी ऐसी शिकायतें सामने आती रही हैं। इस मामले की गहन और निष्पक्ष जांच से ही सच्चाई सामने आ सकती है। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को इस मामले पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके और पुलिस की विश्वसनीयता बनी रहे।

0 टिप्पणियाँ