शहडोल - पुलिस द्वारा ब्यौहारी में निकाली गई भव्य बाईक रैली दिया गया “एकता व अखंडता” का संदेश पुलिस बल के साथ भारी संख्या में आम-नागरिक रहे मौजूद।
देश की आजादी के 78 वर्ष पूरे होने के अवसर पर “हर घर तिरंगा” एवं “आजादी के रंग-खाकी के संग" अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 12.08.2024 को शहडोल पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक शहडोल श्री कुमार प्रतीक के मार्गदर्शन में ब्यौहारी में एक भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में ब्यौहारी अनुभाग के समस्त पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, स्कूल छात्र-छात्राएं और आम नागरिक मौजूद रहे।पुलिस अधीक्षक शहडोल श्री कुमार प्रतीक ने कहा है कि यह अभियान भारत सरकार, मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाया जा रहा है। शहडोल पुलिस द्वारा आयोजित इस रैली का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में देशभक्ति की भावना जागृत करना और तिरंगे की गरिमा को बनाए रखना है। उन्होंने यह भी बताया कि यह तिरंगा झंडा हमारे देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है, जिसे संजोना हम सभी का कर्तव्य है।
इस रैली को माननीय विधायक ब्यौहारी श्री शरद कोल द्वारा ब्यौहारी स्थित कृषि उपज मंडी से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रैली कृषि उपज मंडी से प्रारंभ नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई बनसुकली तिराहा, बिजली तिराहा, टंकी तिराहा, तहसील के पास, सीएम राईज स्कूल खामडांड से वापस लौटकर ब्यौहारी थाना परिसर में समाप्त हुई हुई। रैली के दौरान थाना ब्यौहारी, देवलोंद, पपौंध, सीधी एवं जयसिंहनगर थाना के थाना प्रभारियों समेत समस्त पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, एन. सी.सी. कैडेट, स्कूली छात्र-छात्राएं और आम नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर रैली में शामिल हुए। इस तिरंगा बाइक रैली में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ 300 से अधिक स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया।
रैली के दौरान पुलिस अधिकारीगण ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों, दुकानों और व्यावसायिक संस्थानों पर तिरंगा फहराएं और आजादी के इस पर्व को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाएं। तिरंगा बाइक रैली के दौरान सबसे आगे चल रहे पुलिस वाहन को तिरंगे के रंगों से सजाया गया था और देशभक्ति गीत बजाए गए। रैली में शामिल पुलिसकर्मियों और नागरिकों का ब्यौहारी नगर के लोगों ने जगह-जगह स्वागत किया और उत्साहवर्धन किया।
रैली के समापन पर थाना प्रभारी ब्यौहारी निरीक्षक अरूण पाण्डेय ने रैली में भाग लेने वाले सभी पुलिसकर्मियों और नागरिकों को धन्यवाद दिया और उन्हें इस राष्ट्रीय अभियान में योगदान देने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से नागरिकों में देशप्रेम की भावना और भी मजबूत होगी। शहडोल पुलिस द्वारा “हर घर तिरंगा” एवं “आजादी के रंग-खाकी के संग" अभियान के अंतर्गत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर अनुविभागीय दण्डाधिकारी श्री नरेन्द्र सिंह धुर्वे, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीकृष्ण गुप्ता, सीएमओ ब्यौहारी अरूण श्रीवास्तव, थाना प्रभारी ब्यौहारी अरूण पाण्डेय, थाना प्रभारी देवलोंद डी.के. दाहिया, थाना प्रभारी पपौंध एम.एल. वर्मा, थाना प्रभारी जयसिंहनगर सतेन्द्र प्रसाद चतुर्वेदी, थाना प्रभारी सीधी राजकुमार मिश्रा समेत अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ