Ticker

6/recent/ticker-posts

शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर बाणसागर पुल का पिलर धंसा, आवागमन रोका गया

शहडोल - शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर बाणसागर स्थित सोन नदी पर बने पुल का एक पिलर मंगलवार को अचानक नीचे धंस गया, जिससे पुल के बीच में एक गड्ढा भी हो गया। इस गंभीर खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से पुल पर आवाजाही बंद कर दी है। दोनों दिशाओं से आने वाले वाहनों को अब वैकल्पिक मार्गों, जिनमें बुढ़वा, कूदरी और बघवार मार्ग शामिल हैं, से निकाला जा रहा है ताकि मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह पुलिस का एक वाहन उक्त मार्ग से गुजर रहा था, तभी पुल के एक ओर का पिलर झुका हुआ और पुलिया के बीच में एक गड्ढा दिखाई दिया। संभावित खतरे को देखते हुए, देवलौंद थाना प्रभारी सुभाष दुबे ने तत्काल संबंधित विभाग के अधिकारियों को सूचित किया और बाणसागर पुलिया पर बैरिकेड्स लगाकर आवाजाही बंद करवा दी।

ज्ञात हो कि बाणसागर स्थित सोन नदी पर बना यह पुल शहडोल-रीवा मार्ग का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। इस मार्ग से सतना, रीवा और उत्तर प्रदेश के लिए यात्रा की जाती है। पुल के पिलर के अचानक झुक जाने से इस मार्ग से आवागमन करना खतरनाक हो गया है। पुलिस ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम और एमपीआरडीसी (MPRDC) के जिम्मेदार अधिकारियों को इस संभावित खतरे की सूचना दे दी है।

फिलहाल, पुलिस द्वारा वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से आवाजाही करने के लिए निर्देशित किया जा रहा है। हालांकि, यह एक बड़ा प्रश्न है कि क्या बड़े और भारी वाहन इन वैकल्पिक मार्गों से सुचारू रूप से गुजर पाएंगे।

देवलौंद थाना प्रभारी सुभाष दुबे ने बताया कि पुल का एक हिस्सा शहडोल जिले में आता है और दूसरा हिस्सा रामनगर थाना, जिला मैहर में आता है। उन्होंने मैहर जिले के कंट्रोल रूम और रामनगर थाने को भी सूचित कर दिया है। दोनों ओर से पुलिस लगाकर मार्ग को बंद कर दिया गया है, और वाहनों को एक वैकल्पिक मार्ग से आने-जाने दिया जा रहा है।




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ