Ticker

6/recent/ticker-posts

जबलपुर में सिकल सेल, थैलेसीमिया एवं एनीमिया बीमारियों से पीड़ित बच्चों के लिए राष्ट्रीय कार्यशाला

शहडोल - आदिवासी बाहुल्य शहडोल संभाग में रक्त से संबंधित आनुवांशिक बीमारियों सिकल सेल, थैलेसीमिया एवं एनीमिया से पीड़ित बच्चों की संख्या अधिक है, इन बच्चों के शरीर में स्वत: खून नहीं बनता है जिससे अनेक प्रकार की शारीरिक तकलीफों का सामना करना पड़ता है, इन बच्चों को प्रत्येक 15 से 20 दिनों के अंतराल पर रक्त चढवाने की आवश्यकता पड़ती है,रक्त चढवाने के लिए दूरदराज से ब्लड बैंक तक आने वाले बच्चों सहित उनके माता पिता को भी अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

इन बच्चों को बीमारियों का आधुनिक ईलाज मिल सके एंव माता पिता इनकी बेहतर देखभाल कर पायें इसके लिए एक राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है,आगामी 16 एवं 17 सितम्बर 2023 दिन शनिवार एंव रविवार को जबलपुर में इसका वृहद आयोजन किया जा रहा है, इस कार्यशाला में पूरे देश से 20 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सक भाग लेने जा रहे हैं, ये चिकित्सक इन बीमारियों से ग्रसित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करके उन्हें समुचित इलाज का परामर्श देंगे। थैलेसिमिया जन जागरण समिति एम. पी. के द्वारा यह 2 दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन मानस भवन जबलपुर में किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि शहडोल संभाग से 60 पीड़ित बच्चों के माता पिता सहित कुल 150 लोग इस कार्यशाला में जाने के लिए 15 सितम्बर को प्रस्थान करेंगे, दिशा वेलफेयर शहडोल की अध्यक्ष रूपाली सिंघई एवं सांझी रसोई के सेवादार रमीत सिंह ने इन बच्चों के माता पिता को संपूर्ण जानकारी देकर इन्हें कार्यशाला सह स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में जाने के लिए प्रेरित किया एंव उनके पंजीयन कराने में आवश्यक मदद की है।

रूपाली सिंघई एवं रमीत सिंह ने उम्मीद जताई है कि कार्यशाला का लाभ लेकर इन बच्चों एवं अभिभावकों को अनेक कठिनाइयों का समाधान प्राप्त होगा इसके अतिरिक्त कार्यशाला से लौटकर आने वाले अभिभावक अपने समुदाय एवं समाज को जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ