सोशल मीडिया के लिए "#MPVaccinationMahaAbhiyan" होगा हैशटैग
प्रदेश - मुख्यमंत्री श्री Shivraj Singh Chouhan ने कहा है कि प्रदेश में 21 जून को कोविड-19 वैक्सीनेशन महाअभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के अतर्गत प्रदेश में 7 हजार वैक्सीनेशन सेंटर पर वैक्सीनेशन की व्यवस्था की जायेगी। हमारा प्रयास है कि वैक्सीनेशन महाअभियान में एक दिन में 10 लाख से अधिक व्यक्ति वैक्सीनेशन करायें। यह अभियान धर्मगुरूओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक कार्यकर्ता, राजनैतिक दलों, सांसदों, मंत्रियों, विधायकों, जन-प्रतिनिधियों के सहयोग से ही संभव होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वैक्सीनेशन महाअभियान के लिए वातावरण निर्माण में सभी से सहयोग की अपील की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निवास से प्रदेश के सभी जिलों के गणमान्य नागरिकों को वर्चुअली संबोधित किया। इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री मोहम्मद सुलेमान तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कोरोना की दूसरी लहर में बहुत नुकसान उठाया है-
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर पहली से बहुत अधिक घातक थी, वायरस ज्यादा संक्रामक था। परिणाम स्वरूप हमने बहुत नुकसान उठाया। संक्रमण की तीव्रता के सात दिनों की भयावहता आज भी मन-मस्तिष्क पर बनी रहती है। हमने दिन रात कोशिश कर जनता के इलाज की व्यवस्था के लिए ऑक्सीजन, दवाइयों, इंजेक्शन्स आदि की उपलब्धता एवं व्यवस्था की। आपके आशीर्वाद और सहयोग तथा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्नेह पूर्ण मार्गदर्शन और सहयोग से हम स्थिति का सामना करने में सक्षम हुए। प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रयासों से प्रदेश में ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए एयर फोर्स के विमान और रेलों का उपयोग किया गया। रेमडेसिविर इंजेक्शन, दवाइयाँ और अन्य व्यवस्थाएँ बनाने में दिन-रात एक किया। परिणामस्वरूप अब प्रदेश में संक्रमण नियंत्रण में है। कल पूरे प्रदेश में मात्र 110 केस आए। इंदौर और भोपाल में भी संक्रमण नियंत्रण में है। कई जगह प्रकरण शून्य हैं। कुछ जिलों में प्रकरणों की संख्या एक-दो है।
वायरस अभी गया नहीं है-
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वायरस अभी गया नहीं है। इंग्लैंड में 90 दिन के लॉकडाउन के बाद पुन: कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ना शुरू हो गई। परिणामस्वरूप वहाँ अब लॉकडाउन पूरी तरह से नहीं खोल रहे हैं अर्थात वायरस अभी मौजूद है। मैं यह तथ्य आप की जानकारी में लाना चाहता हूँ, जैसे ही अनलॉक होता है, मिलना-जुलना शुरू होता है वैसे ही वायरस फिर से फैलना शुरू कर देता है।
बार-बार लॉकडाउन संभव नहीं-
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि तीसरी लहर की संभावना व्यक्त की जा रही है, फिर पॉजिटिव प्रकरणों की संख्या बढ़ सकती है, पर हम बार-बार लॉकडाउन नहीं कर सकते। व्यापार और रोजगार को कब तक बंद करेंगे। गरीब चौपट हो जाता है, व्यापार नष्ट हो जाता है, उद्योगों को नुकसान होता है। अत: ऐसा तरीका ढूंढ़ना होगा जिससे दुनिया भी चलती रहे और कोविड के संक्रमण को नियंत्रित भी किया जा सके। उद्योग, दुकान, व्यापार, आर्थिक गतिविधियाँ और सामाजिक काम-काज चलाते हुए हम कोविड के संक्रमण पर नियंत्रण करेंगे। यह काम सरकार अकेले नहीं कर सकती। इसमें समाज की प्रमुख हस्तियों, धर्मगुरूओं, स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग चाहिए। आपका समाज में प्रभाव है, लोग आपकी बात मानते हैं, इसलिए यदि आप जुटेंगे तो हम संक्रमण को पूरी तरह थाम कर प्रदेश को चलाते रहेंगे।
टेस्टिंग, ट्रेसिंग, ट्रीटमेंट और माइक्रो कन्टेनमेंट से रखेंगे संक्रमण पर नियंत्रण-
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जो रणनीति बनाई है उसमें हम आपको भागीदार बनाना चाहते हैं और आपका सहयोग चाहते हैं। रणनीति के अंतर्गत हम टेस्ट बड़ी संख्या में करेंगे। प्रतिदिन 75 से 80 हजार टेस्ट होंगे। समस्या यह है कि लोगों को लगता है कि जब बीमार नहीं हैं तो टेस्ट किस बात का, टेस्ट हम क्यों करवाएँ। टेस्ट में समस्या आ रही है। मैं अपील करता हूँ कि आप भी लोगों से कहें कि टेस्ट कराने में क्या परेशानी है। लोग सेम्पल दें यदि कुछ नहीं होगा तो निगेटिव आ जायेंगे। इससे फायदा यह होगा कि यदि कोई पॉजिटिव निकला तो तुरंत पता चल जाएगा। ऐसे व्यक्ति को घर में आइसोलेट किया जा सकेगा और वह जिन जिन के संपर्क में आया है उन सब की भी कांटेक्ट ट्रेसिंग करेंगे। सभी के सेम्पल लेकर टेस्ट किये जायेंगे। इसका फायदा यह होगा कि वह स्प्रेडर बन कर नहीं घूमेगा और संक्रमण नहीं फैला पायेगा। यदि हम यह टेस्ट नहीं करेंगे तो एक से दस, दस से सौ में संक्रमण फैलने की संभावना रहेगी। अत: टेस्ट, कान्टेक्ट ट्रेसिंग, आइसोलेशन किया जाएगा। जहाँ दो-तीन घरों में संक्रमण है वहाँ माइक्रो कंटेन्मेंट एरिया बनाया जायेगा। इसके साथ ही किल कोरोना अभियान भी जारी रहेगा। घर-घर जाकर सर्वे किया जायेगा, इससे संक्रमितों का पता चलेगा। बीमारी को प्रारंभ में ही नियंत्रित कर पायेंगे। इन सभी गतिविधियों में आपका सहयोग चाहिए, आप लोगों को टेस्ट कराने के लिए प्रेरित करें और बताये कि टेस्ट कराने में कोई बुराई नहीं है। जिला कलेक्टरों को भी निर्देश दिये गये हैं कि अधिक से अधिक टेस्ट किये जाएँ।
वैक्सीनेशन ही हमें बचाएगा-
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वैक्सीनेशन ही है जो संक्रमण की स्थिति में भी हमें बचाएगा। वैक्सीनेशन का कार्य बहुत महत्वपूर्ण है। जितने वैज्ञानिक और विशेषज्ञ हैं वे यह कहते हैं कि वैक्सीन सुरक्षा चक्र प्रदान करता है। यदि हमें दोनों डोज लग गए तो कोरोना संक्रमण फैलने पर भी या तो कोरोना होगा ही नहीं और यदि हुआ तो वह घातक नहीं होगा। हो सकता है कि अस्पताल जाने की नौबत ही न आए। शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता इतनी बढ़ जाती है कि वह वायरस का मुकाबला कर सकता है। भारत ही नहीं पूरी दुनिया के वैज्ञानिक यही कह रहे हैं। दुनिया भर के देश अपने नागरिकों को बचाने के लिए वैक्सीनेशन का सुरक्षा चक्र दे रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार है कि उन्होंने यह तय किया कि सभी के लिए वैक्सीन भारत सरकार नि:शुल्क प्रदान करेगी। वैक्सीन 21 जून से मिलना आरंभ होगी। अत: यह निर्णय लिया गया है कि 21 जून से वैक्सीनेशन का महाअभियान शुरू किया जायेगा।



0 टिप्पणियाँ