Ticker

6/recent/ticker-posts

मुख्यमंत्री का निजी प्रवास, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में मनाएंगे साल का आखिरी दिन, सुरक्षा चाक-चौबंद

उमरिया/बांधवगढ़ - मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव साल 2025 को अलविदा कहने और नए साल के स्वागत से ठीक पहले, मंगलवार की शाम विश्वविख्यात बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री का यह दौरा पूरी तरह से निजी बताया जा रहा है, जिसमें उनका परिवार भी उनके साथ मौजूद है।

साल के आखिरी दिन जंगल सफारी का लुत्फ-

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार शाम सड़क मार्ग से उमरिया होते हुए बांधवगढ़ पहुंचे। वे ग्राम सरमनिया स्थित लवाना ओबेरॉय रिसॉर्ट (Lavana Oberoi Resort) में रात्रि विश्राम करेंगे। मिली जानकारी के अनुसार, सीएम बुधवार (साल के आखिरी दिन) की सुबह अपने परिवार के साथ टाइगर रिजर्व का भ्रमण करेंगे और वन्य जीवों का दीदार करेंगे। बांधवगढ़ की नैसर्गिक सुंदरता और बाघों की दहाड़ के बीच मुख्यमंत्री साल के अंतिम दिन का आनंद लेंगे।

प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर हुआ भव्य स्वागत-

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल स्टेट हैंगर से सरकारी विमान द्वारा रवाना होकर मंगलवार शाम करीब 4 बजे उमरिया हवाई पट्टी उतरे। यहाँ प्रशासनिक और पुलिस के आला अधिकारियों ने उनकी अगवानी की।

स्वागत करने वालों में शहडोल संभागीय कमिश्नर, आईजी, उमरिया कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक विजय भगवानी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। इसके अलावा, राजनीतिक शिष्टाचार के तहत भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष मिथलेश मिश्रा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी हवाई पट्टी पर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम-

मुख्यमंत्री के निजी प्रवास को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। आवश्यक प्रोटोकॉल के तहत उमरिया हवाई पट्टी से लेकर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व और रिसॉर्ट तक सुरक्षा के व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि वीवीआईपी मूवमेंट में किसी भी तरह की बाधा न आए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ