Ticker

6/recent/ticker-posts

दामाद ने ससुर पर किया जानलेवा हमला, चाकू सहित गिरफ्तार

शहडोल - जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र में अपने ससुर पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से हमले में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

थाना धनपुरी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 12.09.2025 को फरियादी गुड्डा रजक (50 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 15/17, रजा मोहल्ला, धनपुरी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि उसी दिन रात्रि करीब 9:00 बजे उसका दामाद सूरज उर्फ संतमान रजक, अपने छोटे भाई रौनक रजक के साथ उसके घर में घुस आया। दोनों ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में फरियादी के सिर, गर्दन और सीने पर गंभीर चोटें आईं। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना धनपुरी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी सूरज उर्फ संतमान रजक (26 वर्ष), निवासी शहडोल की पहचान की गई। मुखबिर की सूचना पर, दिनांक 14.09.2025 को धनपुरी पुलिस ने आरोपी सूरज को सिंहपुर रोड, एफ.सी.आई. गोदाम के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का चाकू, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

यह उल्लेखनीय कार्यवाही थाना प्रभारी धनपुरी, निरीक्षक खेम सिंह पेन्द्रो के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुई। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक भूपेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक दिनेश सिंह, आरक्षक अमित सिंह, राजेश शर्मा, गुलाब, थाना कोतवाली से सहायक उप निरीक्षक रजनीश तिवारी, प्रधान आरक्षक कैलाश प्रजापति तथा साइबर सेल से सत्य प्रकाश मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ