शहडोल/धनपुरी - प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 8 फरवरी 2026 को शहडोल संभाग के दौरे पर रहेंगे। शबरी जयंती के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री 'श्री राम वन पथ गमन' मार्ग स्थित ग्राम गांधिया में माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके अतिरिक्त, वे धनपुरी में 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक वाटर पार्क का भी लोकार्पण करेंगे। इन हाई-प्रोफाइल कार्यक्रमों को देखते हुए प्रशासनिक अमला तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।
ग्राम गांधिया में शबरी जयंती की भव्य तैयारी:
शहडोल संभाग की कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता और कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जयसिंहनगर जनपद पंचायत के ग्राम गांधिया पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर की व्यापक साफ-सफाई और रंग-रोगन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री यहाँ शबरी माता की मूर्ति के अनावरण के साथ-साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित करेंगे। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ शिवम प्रजापति और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री काजोल सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
धनपुरी को मिलेगी अत्याधुनिक वाटर पार्क की सौगात:
अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव धनपुरी नगर को एक बड़ी सौगात देते हुए नवनिर्मित वाटर पार्क का लोकार्पण करेंगे। धनपुरी नगरपालिका द्वारा लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 10 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किया गया यह वाटर पार्क सर्वसुविधायुक्त है।
वाटर पार्क की प्रमुख विशेषताएं:
स्विमिंग पूल और एक्वा टावर
लेज़ी रिवर (आरसीसी स्ट्रक्चर)
कॉन्फ्रेंस हॉल और बैंक्वेट हॉल
इंडोर गेम्स रूम और रेस्टोरेंट
अत्याधुनिक साउंड सिस्टम
कार्यक्रम के मद्देनजर कलेक्टर डॉ. केदार सिंह और पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने धनपुरी वाटर पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को बैठक व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग और वीआईपी तथा आमजन के आवागमन को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।





0 टिप्पणियाँ