शहडोल/जैतपुर - शहडोल जिले की जैतपुर पुलिस और चौकी झींकबिजुरी की संयुक्त टीम ने एक गंभीर हत्याकांड का खुलासा करते हुए जादू-टोना के अंधविश्वास में अपनी ही माँ की हत्या करने और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को दफनाने वाले पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
प्रकरण का विवरण -
घटना की जानकारी दिनांक 07.11.2025 को ग्राम पंचायत ममरा के सरपंच श्री शिवकुमार सिंह द्वारा चौकी झींकबिजुरी को दी गई। सरपंच ने पुलिस को सूचित किया कि ग्राम कुटेला निवासी 1- सतेन्द्र सिंह पिता समयलाल सिंह गोंड और 2- ओमप्रकाश सिंह पिता कमलेश सिंह गोंड दिनांक 06.11.2025 को अपनी माँ प्रेम बाई उर्फ प्रेमिया बाई के साथ मारपीट करने के बाद उन्हें मोटरसाइकिल से किसी अज्ञात स्थान पर ले गए हैं, और उनका पता नहीं चल पा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल ग्राम कुटेला पहुँची और संदेह के आधार पर सतेन्द्र सिंह और ओमप्रकाश सिंह से गहन पूछताछ की गई।
हत्या का खुलासा और गिरफ्तारी -
संदेही आरोपियों से पूछताछ के दौरान, दोनों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उन्हें मृतिका प्रेम बाई पर जादू-टोना करने का संदेह था, जिसके चलते उन्होंने मारपीट कर उनकी हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को छिपा दिया गया था।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों सहित कुल पाँच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं:
सतेन्द्र सिंह पिता समयलाल सिंह गोंड
ओमप्रकाश सिंह पिता कमलेश सिंह गोंड
गुलाब सिंह पिता रघुवीर सिंह
अमान सिंह पिता सुमेर सिंह
अमोल सिंह उर्फ चरकू सिंह पिता सुन्दर सिंह
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध विधि सम्मत धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और माननीय न्यायालय में पेश किया।
सराहनीय भूमिका -
इस गंभीर अपराध का त्वरित खुलासा करने में एसडीओपी अनु. धनपुरी श्री विकास पाण्डेय के कुशल नेतृत्व में थाना प्रभारी निरी. जियाउल हक, निरी. खेम सिंह पेन्द्रो, चौकी प्रभारी उ.नि. रामपाल वर्मा, उ.नि. जी.डी. तिवारी, सउनि. शिवराम सिंह, प्र.आर. सुभाष महोबिया, आर. इन्द्रबहादुर, आर. एजाज अहमद, आर. उदयपाल, आर. कुशल सिंह और आर. लालमन की महत्त्वपूर्ण एवं प्रशंसनीय भूमिका रही।

0 टिप्पणियाँ