शहडोल/ धनपुरी - एमजीएम स्कूल धनपुरी में लंबे समय से संचालित है और इसकी आईसीएसई से संबद्धता है. लगातार छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एमजीएम प्रबंधन ने कुछ वर्षों पूर्व एमजीएम स्कूल गोपालपुर रोड़, धनपुरी में एक नया स्कूल शुरू किया. एमजीएम स्कूल प्रबंधन ने इस स्कूल में छात्रों के दाखिले के दौरान बताया कि बुढार और धनपुरी क्षेत्रों के छात्रों के लिए यह स्कूल शुरू किया गया है और इसमें सभी व्यवस्थाएं, सुविधाएं, अध्यापन कार्य और संबद्धता वैसी ही है जैसी धनपुरी में संचालित एमजीएम स्कूल की है. कई छात्रों को धनपुरी एमजीएम से एमजीएम गोपालपुर स्थानांतरित भी किया गया है. ऐसा भी बताया गया था कि यह धनपुरी की एक उपशाखा है और भविष्य में बिल्डिंग आदि तैयार हो जाने पर धनपुरी स्कूल को भी यहीं स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
प्रबंधन द्वारा दी गई इस जानकारी के बाद सभी अभिभावकों ने एमजीएम स्कूल गोपालपुर रोड़, धनपुरी में अपने बच्चों का दाखिला करा लिया. लेकिन बीते दिनों जानकारी प्राप्त हुई कि एमजीएम प्रबंधन द्वारा अभिभावकों को गलत जानकारी दी गई है और यहां अलग से शाखा शुरू करने की तैयारी चल रही है, जो मध्य प्रदेश बोर्ड के नियमानुसार संचालित होगी.
एमजीएम स्कूल प्रबंधन द्वारा सभी अभिभावकों के साथ छल किया गया है और वर्तमान में सभी अभिभावक व छात्र इनके इस कृत्य से मानसिक रूप से प्रताड़ित हैं. एमजीएम प्रबंधन बोर्ड कक्षाओं सहित अन्य कक्षाओं में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है.
अभिभावकों ने नौनिहालों के भविष्य को सुरक्षित करते हुए उक्त संस्था के संचालकों पर वैधानिक कार्यवाही करने की माग की है।


0 टिप्पणियाँ