Ticker

6/recent/ticker-posts

नगरपालिका में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, ASI और कर्मचारी ₹3,000 रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

शहडोल - भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रीवा लोकायुक्त पुलिस की टीम ने शहडोल जिले की धनपुरी नगरपालिका क्षेत्र में सहायक उप निरीक्षक (ASI) और एक स्थायी कर्मचारी को ₹3,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से नगरपालिका परिसर और थाना क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

भवन निर्माण की स्वीकृति के लिए माँगी थी रिश्वत -

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनपुरी नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-2 निवासी शिकायतकर्ता योगेंद्र वर्मा ने अपने घर के भवन निर्माण की स्वीकृति के लिए आवेदन दिया था। इस प्रक्रिया में, सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) इंद्र बहादुर सिंह (आईबी) और नगरपालिका के स्थायी कर्मचारी रज्जन चौधरी ने फाइल पास करने के एवज में योगेंद्र वर्मा से ₹10,000 की रिश्वत की मांग की। लंबी बातचीत के बाद सौदा ₹5,000 में तय हुआ।

लोकायुक्त ने बिछाया जाल, रंगे हाथों दबोचा -

  पीड़ित योगेंद्र वर्मा ने इस भ्रष्टाचार की शिकायत रीवा लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय में की।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद, लोकायुक्त की 15 सदस्यीय टीम ने सोमवार को धनपुरी में गोपनीय तरीके से जाल बिछाया।

पीड़ित द्वारा रिश्वत की पहली किस्त के रूप में ₹2,000 पहले ही दिए जा चुके थे।

जैसे ही शेष ₹3,000 की दूसरी किस्त एएसआई इंद्र बहादुर सिंह ने ली, लोकायुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया।


भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज -

लोकायुक्त टीम ने आरोपियों के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए रीवा ले जाया गया है। लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार, दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।

गौरतलब है कि धनपुरी नगरपालिका में लंबे समय से रिश्वतखोरी और दलाली की शिकायतें मिल रही थीं। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि लोकायुक्त विभाग अब ऐसे भ्रष्ट कर्मचारियों और अधिकारियों पर लगातार कड़ी निगरानी रख रहा है।

यह कार्रवाई पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है, और उम्मीद है कि इससे नगरपालिका में फैले भ्रष्टाचार के जाल में शामिल अन्य नामों का भी खुलासा हो सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ