शहडोल - जिले में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब पुलिस अधिकारियों के निवास भी सुरक्षित नहीं महसूस हो रहे। ग्राम पड़मनिया के वार्ड क्रमांक 2 में चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक मेडिकल स्टोर और फर्नीचर दुकान में हाथ साफ़ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि यह वारदात सिंहपुर थाना प्रभारी (TI) के निवास के ठीक सामने हुई।
क्या है पूरा मामला?
घटना 23 दिसंबर की देर रात की बताई जा रही है। ग्राम पड़मनिया स्थित मुख्य मार्ग के बगल में संचालित 'श्री राम मेडिकल स्टोर्स एवं फर्नीचर-बरतन भंडार' में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी की। दुकान संचालक रवि गुप्ता के अनुसार, चोर दुकान से करीब 40 से 50 हजार रुपये का कीमती सामान और नकदी चोरी कर ले गए।
पुलिस की नाक के नीचे वारदात
इस चोरी की घटना ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित रवि गुप्ता की दुकान के ठीक सामने रामाधीन साहू का मकान है, जहाँ सिंहपुर टीआई (TI) श्री राहंगडाले किराए से रहते हैं।
बताया जा रहा है कि जिस रात (23 दिसंबर) चोर दुकान का ताला तोड़कर माल समेट रहे थे, उस वक्त टीआई अपने इसी निवास पर मौजूद थे। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया और किसी को भनक तक नहीं लगी।
जांच में जुटी पुलिस, सुराग का अभाव
दुकान मालिक रवि गुप्ता ने घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस ने मामला संज्ञान में ले लिया है, लेकिन घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। पुलिस को अभी तक चोरों का कोई भी सुराग नहीं मिल पाया है। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर रोष है कि जब थाना प्रभारी के घर के सामने ही दुकानें सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा।

0 टिप्पणियाँ