Ticker

6/recent/ticker-posts

शहडोल-अनूपपुर सीमा पर फिर सक्रिय हुआ 'बावनपरों' का खेल

शहडोल - शहडोल और अनूपपुर जिले की सीमा पर एक बार फिर से अवैध जुए का कारोबार बड़े पैमाने पर फल-फूल रहा है। बीते कुछ महीनों पहले पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद शांत हो चुके इस 'बावनपरों के खेल' ने फिर से जोर पकड़ लिया है, जिससे पुलिसिया तंत्र और उसकी मुखबिर प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यह खेल, जिसका नेटवर्क शहडोल के कोयलांचल क्षेत्र से लेकर अनूपपुर की चचाई सीमा तक फैला हुआ है, अब लाखों के दांव के साथ चल रहा है।

संगठित नेटवर्क, बड़ा कारोबार

सूत्रों के मुताबिक, यह जुए का अड्डा चचाई थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में संचालित हो रहा है। बताया जा रहा है कि इस नेटवर्क में वही पुराने चेहरे शामिल हैं, जो पहले भी इस तरह के अवैध कारोबार में लिप्त थे। यह जुए का फड़, जिसे 'करोड़ों का फड़' बताया जा रहा है, रोजाना लाखों की कमीशन वसूल रहा है।

इस धंधे को संचालित करने के लिए एक पूरी टोली काम कर रही है, जिसमें हर सदस्य की अपनी जिम्मेदारी तय है प्रबंधन से लेकर सुरक्षा और निगरानी तक। कहा जा रहा है कि दूर-दराज के इलाकों से भी जुआरी इस अड्डें पर पहुंच रहे हैं, जिससे इसका दायरा और भी बढ़ गया है।

'नाम' से 'काम' को चरितार्थ करते किरदार- 

इस अवैध नेटवर्क के पीछे दो प्रमुख लोगों के नाम सामने आए हैं: संजय और बस्मी।

संजय फलों के कारोबारी के रूप में जाना जाता है, लेकिन अब ये अपने इस दूसरे नेटवर्क के लिए भी सुर्खियों में हैं।  कथित तौर पर इस अवैध कारोबार में लाखों का मुनाफा कमा चुके हैं, और उनका नाम उनके काम को चरितार्थ करता नजर आ रहा है।

वहीं बस्मी इस जुए के कारोबार की पूरी जिम्मेदारी संभाल रहा है।

पुलिस की चुप्पी पर सवाल- 

स्थानीय लोगों और जानकार सूत्रों का मानना है कि पुलिस के पास मजबूत मुखबिर तंत्र होता है, जो ऐसी अवैध गतिविधियों की जानकारी समय रहते देता है। हालांकि, चचाई थाना क्षेत्र में इस बड़े पैमाने पर चल रहे जुए के कारोबार पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लग गया है। इस मामले में पुलिस का मौन कई तरह की अटकलों को जन्म दे रहा है।

इस अवैध धंधे को खत्म करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा क्या कदम उठाए जाते हैं, यह देखना बाकी है। जब तक कार्रवाई नहीं होती, इस सीमावर्ती क्षेत्र में 'बावनपरों' का खेल जारी रहने की आशंका है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ